
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना बरदह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पोखरे में मछली मारने, कब्जेदारी और भूमि विवाद को लेकर उत्पन्न तनाव के मामले में 13 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस ने यह कार्रवाई संभावित मारपीट और शांति भंग की आशंका को देखते हुए की। वहीं पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम बीकापुर, महुआरी एवं उदियावां में तालाब में मछली मारने तथा कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई थी। इसके अलावा मुकदमेबाजी और भूमि संबंधी विवादों के चलते क्षेत्र में तनाव बढ़ने की संभावना थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर कार्रवाई की। थाना बरदह पुलिस ने लालचन्द्र, वाल्मीकि, लवकुश, चन्द्रमा, रिजवान, नियाज, नन्दलाल, सुखराज, नागेन्द्र, रामाश्रय सरोज, रामरतन, सत्यम सरोज एवं संतोष सरोज को बीएनएस की धारा 170/126/135 के तहत गिरफ्तार कर उनका चालान किया। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को नियमानुसार सक्षम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आगे भी सतर्क निगरानी जारी रहेगी। वहीं इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक उमेश चन्द यादव, उपनिरीक्षक धर्मदेव यादव, उपनिरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद पटेल सहित थाना बरदह पुलिस टीम की प्रमुख भूमिका रही। पुलिस ने लोगों से आपसी विवादों का समाधान कानून के दायरे में रहकर करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।
