रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले में फर्जी जमानत प्रकरण में आजमगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कूटरचित अभिलेखों के आधार पर गंभीर अपराधों में निरुद्ध अभियुक्तों की जमानत कराने वाले संगठित गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ हत्या, डकैती, गैंगस्टर एक्ट समेत दो दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं पुलिस के अनुसार 30 मई 2026 को कचहरी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक चन्द्र प्रकाश कश्यप ने थाना कोतवाली नगर में तहरीर देकर बताया कि कुछ तथाकथित वकील एवं जमानतदार अनुचित आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से न्यायिक अभिरक्षा में बंद अपराधियों की जमानत के लिए फर्जी दस्तावेजों का प्रयोग कर रहे थे। जांच में सामने आया कि एक ही जमानतदार द्वारा समान दस्तावेजों के आधार पर कई अभियुक्तों की जमानत कराई गई थी, जिससे एक संगठित गिरोह के सक्रिय होने की पुष्टि हुई। इस मामले में थाना कोतवाली नगर में मुकदमा संख्या 267/2026 धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 111 एवं 61(2) बीएनएस के तहत रामचन्द्र यादव उर्फ मैकू यादव तथा दयाराम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त रामचन्द्र यादव उर्फ मैकू यादव उर्फ सत्यम यादव निवासी भरौली, थाना जीयनपुर को 30 मई की रात करीब 9:35 बजे जनपद कारागार गोरखपुर के समीप से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी फर्जी जमानत गिरोह का सक्रिय सदस्य है और न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए कूटरचित दस्तावेजों का इस्तेमाल करता था। आरोपी के विरुद्ध आजमगढ़, मऊ, जौनपुर और वाराणसी जनपदों में चोरी, लूट, डकैती, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 25 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। न्यायिक प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न करने वाले तथा फर्जी अभिलेखों के माध्यम से अपराधियों को लाभ पहुंचाने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक विनय कुमार यादव, हेड कांस्टेबल केश्वेन्द्र प्रताप सिंह, कांस्टेबल अजय कुमार, कांस्टेबल संजय कुमार वर्मा, आरक्षी शिवम तिवारी एवं महिला आरक्षी शिवानी शामिल रहीं।