रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले थाना जहानागंज क्षेत्र में दर्ज सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद सभी छह आरोपियों को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई को कानून-व्यवस्था के प्रति तत्परता के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस के अनुसार, 31 मई 2026 को एक महिला ने थाना जहानागंज में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी पुत्री के साथ छह युवकों ने जबरन दुष्कर्म किया। विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। तहरीर के आधार पर थाना जहानागंज में मुकदमा संख्या 120/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 70(1) एवं 351(3) में अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना जहानागंज पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। इसी क्रम में सोमवार 1 जून 2026 को थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नयनपुर मोड़ क्षेत्र से सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में आजाद पुत्र राजेश कुमार निवासी पखनपुर थाना जैतपुर (अंबेडकरनगर), अतिश कुमार, करन कुमार, विकास कुमार निवासी दिलमनपुर तथा साहिल कुमार और अंकित कुमार निवासी बड़ौराखुर्द थाना जहानागंज शामिल हैं। सभी आरोपियों की उम्र 18 से 22 वर्ष के बीच बताई गई है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र के साथ उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह, हेड कांस्टेबल दिनकर कुशवाहा, कांस्टेबल प्रदीप यादव, दुर्गादीन सरोज, गिरिजेश शर्मा, सर्वजीत पाठक, अजीत यादव तथा महिला कांस्टेबल अवंतिका तिवारी शामिल रहीं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला अपराधों के मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की नीति के तहत यह गिरफ्तारी की गई है तथा प्रकरण की विवेचना आगे भी जारी रहेगी।