
रिपोर्ट____आशीष कुमार निषाद
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री एवं सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने आजमगढ़ में आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) की हालिया कार्रवाई को लेकर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। मंगलवार को अतरौलिया स्थित निरीक्षण भवन में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए राजभर ने कहा कि आखिर समाजवादी पार्टी के गढ़ कहे जाने वाले क्षेत्रों से ही बार-बार आतंकी क्यों पकड़े जा रहे हैं।
मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने ATS टीम की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने देश और समाज की सुरक्षा के लिए सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा, “हम ATS टीम को बधाई देते हैं। उन्होंने देशहित में बड़ी कार्रवाई की है।”
इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब भी आजमगढ़ का नाम आता है तो सपा नेता उसे अपना गढ़ बताते हैं, लेकिन यदि उसी क्षेत्र से लगातार आतंकवाद से जुड़े लोग गिरफ्तार हो रहे हैं तो यह चिंताजनक विषय है। राजभर ने कहा, “दुख इस बात का है कि सपा के गढ़ में ही आतंकवादी पकड़े जा रहे हैं। इसका मतलब साफ है कि कहीं न कहीं उन्हें संरक्षण मिलता रहा होगा।”
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति लंबे समय से किसी क्षेत्र में रह रहा था और उसकी गतिविधियां संदिग्ध थीं, तो उसकी जानकारी स्थानीय लोगों और राजनीतिक तंत्र को क्यों नहीं हुई। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए।
दरअसल, उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) ने आजमगढ़ जिले में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मोहम्मद शेख नामक युवक को गिरफ्तार किया है। ATS के अनुसार आरोपी पाकिस्तान से संचालित आतंकी नेटवर्क के संपर्क में था और सोशल मीडिया के माध्यम से कट्टरपंथी विचारधारा का प्रचार-प्रसार करने के साथ युवाओं को भड़काने का प्रयास कर रहा था।
जांच एजेंसियों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद शेख पुत्र रेहान अहमद थाना निजामाबाद क्षेत्र के खुदादादपुर (संजरपुर) गांव का निवासी है। इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक निगरानी के आधार पर ATS ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है और एजेंसियां उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पड़ताल कर रही हैं।
