
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़ ब्रेकिंग
आजमगढ़। जनपद समेत प्रदेश के कई जिलों में महिलाओं को तंत्र-मंत्र, जादू-टोना और भूत-प्रेत का भय दिखाकर ठगी करने वाले अंतरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह का सरगना पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। सरायमीर पुलिस की कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार 9 मई 2026 को सरायमीर थाना क्षेत्र के ठठेरी बाजार में एक महिला से उसके पति पर भूत-प्रेत का साया होने की बात कहकर ठगों ने कान की बाली, गले का लॉकेट, मोबाइल फोन और करीब एक लाख रुपये नकद ठग लिए थे। इस मामले में थाना सरायमीर में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही थी। सोमवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल दो आरोपी मोटरसाइकिल से फूलपुर की तरफ से खरेवा की ओर आ रहे हैं। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे और अनियंत्रित होकर बाइक से गिर पड़े। इस दौरान एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि दूसरे आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान इम्तियाज खान (48) निवासी अलीगढ़, हाल पता ठाकुरगंज, लखनऊ के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से बिना नंबर की मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, दो कान की झालियां, एक नाक की कील, एक लॉकेट, 11,100 रुपये नकद, एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी के साथ बाजारों में घूमकर अधेड़ उम्र की महिलाओं को निशाना बनाता था। दोनों पहले महिलाओं को परिवार पर संकट या भूत-प्रेत का भय दिखाकर अपने विश्वास में लेते थे और फिर शुद्धिकरण या तंत्र-मंत्र के नाम पर उनके जेवर व नकदी लेकर फरार हो जाते थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी और उसका गिरोह आजमगढ़ के अलावा बरेली, बुलंदशहर और मुजफ्फरनगर समेत कई जिलों में सक्रिय रहा है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न जनपदों में धोखाधड़ी, टप्पेबाजी और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सरायमीर थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं फरार साथी की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
