
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मंगलवार अपराह्न हुए एक भीषण सड़क हादसे में डीसीएम चालक समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा तहबरपुर थाना क्षेत्र के बसही जरमजेपुर गांव के पास एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 219.6 पर हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य के दौरान यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। मिली जानकारी के अनुसार, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक अज्ञात तेज रफ्तार ट्रक ने डीसीएम वाहन (UP78HT8377) को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि डीसीएम का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वाहन के केबिन में बुरी तरह फंस गया। हादसे में डीसीएम चालक शिवम कुमार शर्मा (35 वर्ष) पुत्र रामकुमार शर्मा, निवासी सिकंदरा, जनपद कानपुर देहात तथा डीसीएम में सवार नीरम (5 वर्ष) पुत्री सोनू, निवासी चांदपुर, थाना दरगाह, जनपद बहराइच की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वाहन में सवार अन्य छह लोग घायल हो गए, जिन्हें एंबुलेंस 108 की सहायता से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार डीसीएम में खच्चर और बकरियां भी लदी हुई थीं। वाहन में सवार लोग बिहार के छपरा जिले से ईंट-भट्ठों पर काम करने वाले मजदूर बताए जा रहे हैं, जो बहराइच जा रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस, यूपीडा और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया। चालक का शव केबिन में बुरी तरह फंस गया था, जिसे कटर की मदद से काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। थाना प्रभारी तहबरपुर ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। अज्ञात ट्रक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजनों में कोहराम मच गया। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार वाहनों की चुनौती और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
