रिपोर्ट_____SP त्रिपाठी

आजमगढ़। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मिली जानकारी के अनुसार, मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के पाउस गांव निवासी गोलू यादव (22) बुधवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 301 के पास ट्रक के पहिए में फंसी गिट्टी निकाल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं घटना के बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतक के रिश्तेदार झिनकू यादव का आरोप है कि सुबह करीब 10 बजे तक अस्पताल प्रशासन मरीज की हालत सामान्य बता रहा था। दोपहर लगभग ढाई बजे अचानक खून की कमी बताते हुए रक्त की व्यवस्था करने को कहा गया और कुछ ही देर बाद करीब तीन बजे युवक की मौत की सूचना दे दी गई। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में उपचार के नाम पर करीब डेढ़ लाख रुपये जमा कराने के बावजूद समुचित इलाज नहीं किया गया, जिसके कारण युवक की जान चली गई। मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। वहीं मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को शांत कराया। शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल मामले में किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही युवक की मौत के कारणों तथा इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही के आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।