रिपोर्ट_____अरुण यादव

घर से साथ निकले थे दोनों, पुलिस की मौजूदगी और परिजनों की सहमति से हुआ विवाह आजमगढ़। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती आखिरकार शादी के पवित्र बंधन में बदल गई। आजमगढ़ के रौनापार थाना क्षेत्र में एक प्रेमी युगल ने परिवारों की सहमति और पुलिस की मौजूदगी में मंदिर में विवाह कर लिया। इस अनोखी प्रेम कहानी और शादी की पूरे इलाके में चर्चा होती रही। मिली जानकारी के अनुसार रौनापार थाना क्षेत्र के पलिया गांव निवासी पूजा पुत्री विनोद की पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से रवि सरोज पुत्र भूरचंद, निवासी फतेहपुर, जनपद मऊ से हुई थी। सोशल मीडिया पर शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई और दोनों ने साथ जीवन बिताने का फैसला कर लिया। बताया जाता है कि 15 मई 2026 को दोनों अपने-अपने घरों से निकल गए और साथ रहने लगे। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दी। तलाश के दौरान दोनों के फरीदाबाद में रहने की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्हें वापस लाया गया और रौनापार थाने पर प्रस्तुत किया गया।

थाने में पूछताछ के दौरान दोनों ने एक-दूसरे के साथ रहने और विवाह करने की इच्छा जताई। पुलिस द्वारा जांच में दोनों के बालिग होने की पुष्टि होने के बाद दोनों पक्षों के परिजनों तथा क्षेत्र के सम्मानित लोगों की मौजूदगी में विवाह कराने का निर्णय लिया गया। इसके बाद रौनापार थाने के समीप स्थित मंदिर परिसर में वैदिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न हुआ। इस दौरान रवि सरोज ने पूजा की मांग में सिंदूर भरकर उसे अपनी जीवनसंगिनी के रूप में स्वीकार किया। विवाह समारोह में दोनों परिवारों ने सहमति जताते हुए नवदंपती को आशीर्वाद दिया। शादी के बाद दोनों परिवार खुशी-खुशी अपने घर लौट गए। सोशल मीडिया पर शुरू हुई यह प्रेम कहानी और फिर थाने के पास मंदिर में संपन्न हुआ विवाह क्षेत्र में पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा।