
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले में महिला एवं बाल अपराध के मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत आजमगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग सगी बहनों से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पुलिस पर फायरिंग कर फरार होने का प्रयास कर रहा था, लेकिन जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं पुलिस के अनुसार, थाना गंभीरपुर क्षेत्र की एक महिला ने 5 जून 2026 को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी दो नाबालिग पुत्रियों को गांव के ही मोहम्मद जाहिद उर्फ रुस्तम ने बहला-फुसलाकर और धमकाकर अपने बाग में बने ट्यूबवेल के कमरे में ले जाकर दुष्कर्म किया। विरोध करने और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। शिकायत के आधार पर गंभीर धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तत्काल पुलिस टीमों का गठन किया। इसी क्रम में थाना गंभीरपुर पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी मोटरसाइकिल से अपने घर की ओर जा रहा है। वहीं सूचना पर पुलिस टीम ने जहांनिया मोड़ के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा और जल्दबाजी में मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बाद उसने अवैध तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बावजूद वह नहीं माना। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई नियंत्रित जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद जाहिद उर्फ रुस्तम (45 वर्ष) निवासी बैराडीह उर्फ गंभीरपुर थाना गंभीरपुर जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर देशी तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में एक और मुकदमा दर्ज कर मोटरसाइकिल को सीज कर दिया है। आरोपी को चिकित्सीय उपचार के बाद न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेजा जा रहा है। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
