रिपोर्ट____SP त्रिपाठी 

आजमगढ़ ब्रेकिंग 

आजमगढ़। जनपद में पुलिस व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और अनुशासित बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। ड्यूटी में घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता और पदीय दायित्वों के प्रति उदासीनता बरतने के आरोप में 13 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि 19 अन्य पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय जांच एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने के आदेश दिए गए हैं। एसएसपी द्वारा किए गए आकस्मिक निरीक्षणों, ड्यूटी चेकिंग और प्राप्त रिपोर्टों में सामने आया कि कई पुलिसकर्मी महत्वपूर्ण रात्रि ड्यूटी के दौरान बिना अनुमति अनुपस्थित पाए गए। वहीं बकरीद जैसे संवेदनशील पर्व की ड्यूटी में भी कुछ कर्मियों ने निर्धारित ड्यूटी स्थल छोड़कर अन्य स्थानों पर पीआरवी खड़ी कर दी थी। निरीक्षण के दौरान कुछ पुलिसकर्मी पीआरवी ड्यूटी के समय सोते हुए मिले, जबकि कई कर्मी मोबाइल डाटा टर्मिनल (एमडीटी) संबंधी आवश्यक जानकारी से भी अनभिज्ञ पाए गए। इसके अलावा टोल प्लाजा पर गो-तस्करी की रोकथाम, शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था तथा संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग के लिए लगाए गए पुलिसकर्मी भी अपेक्षित सतर्कता नहीं बरतते मिले। कई स्थानों पर ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी चेकिंग करने के बजाय आराम करते पाए गए, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली और छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की बात सामने आई। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने 13 पुलिसकर्मियों को निलंबित करने के साथ ही 19 अन्य के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कराने का आदेश दिया है। एसएसपी ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या आदेशों की अवहेलना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा के प्रति आजमगढ़ पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।