
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले में अर्द्धसैनिक बल में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवाओं से ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को रानी की सराय पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर बेरोजगार युवकों को सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोप है। वहीं पुलिस के अनुसार थाना रानी की सराय क्षेत्र के अंधौरी गांव निवासी पंकज यादव ने 20 मई 2026 को तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोगों ने अर्द्धसैनिक बल में भर्ती कराने का झांसा देकर फर्जी अभिलेख तैयार किए और उनसे धनराशि की ठगी की। मामले में थाना रानी की सराय पर मुकदमा संख्या 123/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस के विवेचना के दौरान कई अन्य आरोपियों के नाम भी प्रकाश में आए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने वांछित अभियुक्त मुन्ना शर्मा पुत्र विक्रमा शर्मा निवासी पिपराकला थाना खजुरी जनपद बलिया को सोमवार सुबह लगभग 8:36 बजे जनपद मऊ के मोहम्मदाबाद रेलवे स्टेशन गुमटी के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 48 वर्ष है और उसके खिलाफ पूर्व में भी फर्जी दस्तावेज तैयार करने एवं कूटरचना से जुड़े मामले दर्ज हैं। असम के कामरूप (मेट्रो) जनपद के पलटन बाजार थाना में भी उसके खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि युवाओं को नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
