रिपोर्ट____शिवा सिंह

आजमगढ़। जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र के भादो गांव में एक राजमिस्त्री का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सिवान में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पत्नी ने हत्या की आशंका जताते हुए तीन लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं भादो गांव निवासी अखिलेश कुमार (45) राजमिस्त्री का कार्य करते थे। मंगलवार की रात वह गांव में एक बारात में शामिल होने गए थे। इसी दौरान वह अपने बच्चों को बुलाने घर गए थे, जिसके बाद वापस लौटते समय रास्ते में लापता हो गए। परिजनों के अनुसार रात करीब 12 बजे जब उनकी पत्नी सरोज की नींद खुली तो उन्होंने पाया कि अखिलेश घर पर नहीं हैं। काफी तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चला, जिसके बाद डायल 112 को सूचना दी गई। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान करीब रात 1:30 बजे गांव से लगभग 200 मीटर दूर सिवान में अखिलेश अचेत अवस्था में मिले। परिजनों का आरोप है कि उनके शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे और वह खून से लथपथ पड़े थे। पुलिस उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मार्टीनगंज ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

*पत्नी ने जताई हत्या की आशंका, तीन लोग हिरासत में*

वहीं मृतक की पत्नी सरोज ने आरोप लगाया है कि उनके पति की हत्या की गई है। उन्होंने तीन लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष दीदारगंज जयप्रकाश ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेजा गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।