
रिपोर्ट____SP त्रिपाठी
आजमगढ़। जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के पूरा सोफी मोहल्ले में हुई मारपीट की घटना अब तूल पकड़ती जा रही है। पीड़ित मनीष पटवा ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि उसके साथ हुई मारपीट के मामले में न केवल पुलिस स्तर पर लापरवाही बरती गई, बल्कि चिकित्सकीय परीक्षण में भी गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। मामले को लेकर दीवानी बार एसोसिएशन के अधिवक्ता प्रशांत कुमार राय ने निष्पक्ष जांच और पुनः चिकित्सकीय परीक्षण कराने की मांग की है। वहीं पीड़ित मनीष पटवा के अनुसार, 8 जून की शाम करीब 6:45 बजे दुकान के बाहर हुई मामूली कहासुनी के बाद मोहल्ले के कुछ युवकों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने का प्रयास किया। घटना में उसके चेहरे सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। मनीष का आरोप है कि घायल होने के बावजूद उसे पूरी रात थाने में बैठाए रखा गया और समय पर चिकित्सकीय परीक्षण नहीं कराया गया। बाद में जब मेडिकल कराया गया तो रिपोर्ट में “नो इंजरी” दर्ज कर दिया गया, जबकि उसके शरीर पर चोटों के स्पष्ट निशान मौजूद थे। पीड़ित का कहना है कि इसी मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की पुलिस कार्रवाई की गई, जिससे मामले की वास्तविकता प्रभावित हुई। पीड़ित ने इसे गंभीर विधिक त्रुटि बताते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों और चिकित्सकीय अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उधर, मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि मुबारकपुर थाना क्षेत्र के पूरा सोफी मोहल्ले का वायरल वीडियो संज्ञान में आया है। पुलिस वीडियो और पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
