रिपोर्ट_____अरुण यादव

आजमगढ़। जनपद में पुलिस व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और प्रभावी बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार लगातार अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं। इसी क्रम में कर्तव्य निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरतने वाले एक उपनिरीक्षक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिश से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में थाना कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक के पूर्व नियुक्ति स्थल थाना सिधारी में कार्यकाल के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच में पाया गया कि संबंधित उपनिरीक्षक ने हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी में रुचि नहीं ली, आवश्यक अभिलेखीय प्रविष्टियां नहीं कीं, गंभीर मामलों में प्रभावी कार्रवाई नहीं की तथा मांगे गए स्पष्टीकरण का जवाब भी प्रस्तुत नहीं किया। इसके अलावा साइबर हेल्प डेस्क पर लंबित प्रार्थना पत्रों के निस्तारण में भी उदासीनता बरतने की बात सामने आई। इन तथ्यों को प्रथम दृष्टया घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता और स्वेच्छाचारिता मानते हुए एसएसपी ने संबंधित उपनिरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जवाबदेही के साथ करें। उन्होंने चेतावनी दी कि कर्तव्य पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता पाए जाने पर कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने दोहराया है कि जनपद में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा ड्यूटी में किसी भी तरह की शिथिलता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।