रिपोर्ट_____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले में बढ़ती महंगाई और पेट्रोलियम पदार्थों की लगातार बढ़ रही कीमतों के विरोध में बुधवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के युवा एवं फ्रंटल संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। सपा कार्यालय से निकले कार्यकर्ता जुलूस के रूप में कलेक्ट्रेट चौराहे पहुंचे और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री का पुतला दहन करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक तथा हल्की धक्का-मुक्की की स्थिति भी पैदा हो गई। कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण रहा, जिसके बाद सपा कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गए।सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि वे लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज करा रहे थे, जबकि पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हस्तक्षेप किए जाने की बात कही। दोनों पक्षों के बीच कुछ समय तक बहस भी हुई। स्थिति की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोंदी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। अधिकारियों द्वारा आश्वासन दिए जाने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया और स्थिति सामान्य हो गई। वहीं प्रदर्शन में सपा युवजन सभा के जिलाध्यक्ष दुर्गेश यादव, शबनम खातून, गुलाब राजभर, संतोष गौतम, आशीष यादव, अनिल कुमार वर्मा, प्रदीप कुमार यादव, आनंद यादव, प्रवेश मिश्रा, दिनेश मणि उपाध्याय, ऋषभ मौर्य, महावीर गुप्ता, विशाल राय, अशोक राजभर, राजेश विश्वकर्मा, अजीत कुमार राव सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।