रिपोर्ट_____अरुण यादव

आजमगढ़। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार राजीव चौहान के असामयिक निधन पर बुधवार को कुंवर सिंह उद्यान में शोकसभा एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिले भर के पत्रकारों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर दिवंगत पत्रकार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने स्वर्गीय राजीव चौहान के पत्रकारिता जगत में योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका निधन मीडिया जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। हिन्दुस्थान समाचार एजेंसी से मान्यता प्राप्त पत्रकार के रूप में उन्होंने निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता के माध्यम से समाज को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके सरल, सौम्य और सहयोगी व्यक्तित्व को सदैव स्मरण किया जाएगा। वरिष्ठ पत्रकार विजय यादव ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में समस्त पत्रकार समाज दिवंगत पत्रकार के परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की पत्रकार कल्याण योजना के अंतर्गत उपलब्ध आर्थिक सहायता का लाभ परिजनों को दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। परिवार से आवेदन प्राप्त होने के बाद संबंधित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। आगे उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि शासन एवं प्रशासन स्तर पर उपलब्ध हर संभव सहायता और सहयोग परिजनों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। श्रद्धांजलि सभा में जिले के विभिन्न समाचार पत्रों, समाचार एजेंसियों, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया से जुड़े बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।