
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले में कोर्ट की छुट्टियों के दौरान जमीनी विवादों के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। ऐसे मामलों में पुलिस की भूमिका को लेकर उठ रहे सवालों के बीच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. अनिल कुमार ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि भूमि विवाद से जुड़े मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग संयुक्त रूप से कार्रवाई करेंगे, ताकि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके और कानून-व्यवस्था बनी रहे। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से लगातार भूमि विवाद के मामले सामने आ रहे हैं। इस संबंध में पूछे गए सवाल पर एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि किसी भी प्रकार के विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस को तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेना चाहिए।उन्होंने बताया कि यदि मामला भूमि विवाद से संबंधित पाया जाता है तो पुलिस तत्काल राजस्व विभाग को इसकी सूचना देगी। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके का निरीक्षण कर पूरे मामले की जांच करेगी। एसएसपी ने कहा कि उनके तथा अपर जिलाधिकारी (एडीएम) स्तर से पुलिस और राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे संयुक्त रूप से मौके का भ्रमण करें, स्पॉट मेमो तैयार करें तथा फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के माध्यम से साक्ष्यों को सुरक्षित रखें। आगे उन्होंने कहा कि मौके की वास्तविक स्थिति और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही पुलिस का दायित्व है कि किसी भी जमीनी विवाद के कारण कानून-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था प्रभावित न होने पाए। एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ऐसे मामलों में संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ कार्रवाई कर विवादों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
