रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के पटखौली गांव में बुधवार शाम एक 55 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने पड़ोस के एक युवक पर महिला को दौड़ाने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है। मृतका श्याम प्यारी (55) मूल रूप से जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के सोहरैया गांव की निवासी थीं। पति की मृत्यु के बाद वह अपनी बेटी और दामाद के घर पटखौली में रहकर झाड़ू-पोछा का काम करती थीं। वहीं परिजनों के अनुसार, बुधवार शाम पड़ोस का युवक बृजभान (25) किसी बात को लेकर उन्हें चिढ़ा रहा था। इसी दौरान श्याम प्यारी युवक की ओर दौड़ीं, लेकिन अचानक गिर गईं। गिरने के बाद उनकी हालत बिगड़ गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं घटना की सूचना शाम करीब साढ़े सात बजे पुलिस को दी गई। शहर कोतवाली प्रभारी यादवेंद्र पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि अभी तक मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। परिजनों की ओर से शिकायत मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, महिला की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।