
रिपोर्ट_____SP त्रिपाठी
आजमगढ़। जिले के अतरौलिया स्थानीय निरीक्षण भवन में सोमवार को राष्ट्रीय सुहेलदेव सेना के तत्वावधान में एक दिवसीय प्रांतीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। अभिमन्यु राजभर के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में संगठन के कमांडरों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर का उद्देश्य संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना तथा सामाजिक कल्याण के कार्यों को गति देना रहा। वहीं कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अरुण राजभर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन का लक्ष्य शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, रोटी, कपड़ा, मकान और दवा जैसी मूलभूत सुविधाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को संगठन की विचारधारा और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने का आह्वान किया। आगे उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित और सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए युवाओं को अपनी गौरवशाली विरासत से जोड़ना समय की आवश्यकता है। महाराजा सुहेलदेव के योगदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उनके आदर्शों पर चलकर समाज और राष्ट्र को अधिक मजबूत बनाया जा सकता है। शिविर के दौरान कार्यकर्ताओं को सामाजिक समस्याओं के समाधान, संगठन विस्तार, जनसंपर्क और जनजागरण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने संबंधी प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही संगठन की भावी रणनीतियों और सामाजिक दायित्वों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के अंत में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। वहीं इस अवसर पर राकेश गौड़, दीपक सिंह, रमाशंकर राजभर, अभिमन्यु राजभर, सूरज राजभर, निठुरी निषाद, अनीता राजभर, कविता राजभर, नीतू, गीता विश्वकर्मा, रेनू राजभर, शेर सिंह राणा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
