
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के अतरौलिया क्षेत्र के चिश्तिपुर गांव में पिछले चार दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। रविवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने गांव में एकत्र होकर बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया और अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द विद्युत व्यवस्था बहाल करने की मांग की। वहीं ग्रामीणों के अनुसार 10 जून को आई तेज आंधी और बारिश के दौरान गांव में स्थापित 16 केवीए का ट्रांसफार्मर खंभे सहित गिर गया था। इसके साथ ही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे पूरे गांव की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय अधिकारियों को सूचना देने और ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया। ग्रामीण मनोज वर्मा ने बताया कि ट्रांसफार्मर और तार गिरने की सूचना तत्काल विभाग को दी गई थी, लेकिन चार दिन बाद भी कोई मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो सका। भीषण गर्मी के कारण बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रमिला देवी ने कहा कि लगातार बढ़ती गर्मी से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है और बच्चे बीमार पड़ रहे हैं, लेकिन विभागीय अधिकारी समस्या के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। वहीं साधना देवी ने बताया कि बिजली कर्मचारी मौके पर निरीक्षण करने आए थे, लेकिन उसके बाद कोई कार्रवाई नहीं हुई। राधेश्याम कनौजिया ने कहा कि आंधी में खंभा और ट्रांसफार्मर दोनों गिर गए थे, फिर भी विभाग द्वारा अब तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई।ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शन के दौरान राम आसरे वर्मा, पथरू कनौजिया, दिलीप कनौजिया, चिथरु, रामसूरत, फिरता देवी, उर्मिला, रेनू, अंतिमा, आशा कनौजिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इस संबंध में पक्ष जानने के लिए उपखंड अधिकारी दिलीप वर्मा तथा अवर अभियंता (जेई) संदीप यादव से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों अधिकारियों का फोन रिसीव नहीं हो सका।
