
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़,। जिले के अतरौलिया थाने की पुलिस ने करीब एक माह पूर्व हुई मोटरसाइकिल लूट की घटना का सफल अनावरण करते हुए पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी को घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटी गई अपाचे मोटरसाइकिल, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 18 मई 2026 की रात लगभग 9 बजे रीठिया क्षेत्र के पास तीन अज्ञात बदमाशों ने भंजय सिंह की मोटरसाइकिल रोककर उनकी अपाचे बाइक और मोबाइल फोन लूट लिया था। पीड़ित की तहरीर पर थाना अतरौलिया में मुकदमा संख्या 227/2026 धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
चेकिंग के दौरान मिली सूचना, घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी
17 जून की रात थाना अतरौलिया पुलिस अपराधियों की धरपकड़ के लिए सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लूट की घटना में शामिल एक आरोपी लूटी गई मोटरसाइकिल के साथ मदियापार से बहरादेव मंदिर की ओर जा रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने खदेरूपट्टी के पास घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के दाहिने पैर में घुटने के नीचे लगी, जिससे वह घायल हो गया।
घायल आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि मिश्रा (22 वर्ष) पुत्र अनिल मिश्रा निवासी खदेरूपुर, थाना राजेसुल्तानपुर, जनपद अंबेडकरनगर के रूप में हुई है। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतरौलिया भेजा गया।
बरामदगी में मिला लूट का सामान और हथियार
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से निम्न सामान बरामद किया है—
एक मोटरसाइकिल लूट की घटना से संबंधित, एक अवैध तमंचा .315 बोर दो जिंदा कारतूस,खोखा कारतूस
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर 18 मई को रीठिया क्षेत्र में मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूट की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस अब इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। इस मामले में थाना अतरौलिया पर मु0अ0सं0-230/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस तथा 3/25/27 आयुध अधिनियम के अंतर्गत भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
अतरौलिया पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
