रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। सरकारी अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावों के बीच जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं की पोल खोलने वाली एक तस्वीर सामने आई है। यहां स्टेचर और व्हीलचेयर न मिलने पर एक पति को अपनी घायल पत्नी को गोद में उठाकर सीटी स्कैन कक्ष तक ले जाना पड़ा। घटना का वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, सरायमीर थाना क्षेत्र के खनका गांव निवासी 26 वर्षीय अंतिमा दो दिन पहले रात में छत पर सोते समय नींद में नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। परिजनों ने पहले उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने मंगलवार को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे अंतिमा के पति योगेंद्र प्रसाद उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। इमरजेंसी में चिकित्सकीय जांच के बाद डॉक्टरों ने सीटी स्कैन कराने की सलाह दी। आरोप है कि सीटी स्कैन कक्ष तक मरीज को ले जाने के लिए योगेंद्र ने कई बार स्टेचर और व्हीलचेयर की मांग की, लेकिन काफी देर तक कोई व्यवस्था नहीं की गई। पत्नी की हालत गंभीर देख योगेंद्र ने मजबूरी में उन्हें गोद में उठाया और सीटी स्कैन कक्ष तक पहुंचाया। अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों ने इस दृश्य का वीडियो और फोटो बना लिया, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।

दो बजे के बाद स्टेचर के लिए भटकते हैं तीमारदार

अस्पताल आने वाले कई लोगों का कहना है कि दोपहर बाद अक्सर स्टेचर और व्हीलचेयर की उपलब्धता को लेकर समस्या उत्पन्न हो जाती है। मरीजों के परिजनों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है, जिससे गंभीर मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ती है।

स्वास्थ्य सुविधाओं पर उठे सवाल

घटना के बाद लोगों ने सवाल उठाया कि जब सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, तो जिला अस्पताल में मरीजों को बुनियादी सुविधाएं क्यों नहीं मिल पा रही हैं। लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाएं अस्पताल प्रशासन की व्यवस्थाओं पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती हैं।

अधीक्षक बोले- जांच कर होगी कार्रवाई

इस मामले में जिला अस्पताल के अधीक्षक डॉ. रामकेवल पासवान ने कहा कि इमरजेंसी में पर्याप्त संख्या में स्टेचर उपलब्ध हैं। यदि किसी कर्मचारी की लापरवाही या उदासीनता सामने आती है तो मामले की जांच कर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।