रिपोर्ट_____अरुण यादव

आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के सिधारी पुल के पास बुधवार की सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह उधर से गुजर रहे राहगीरों ने सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष के आसपास प्रतीत हो रही है। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस मृतक की पहचान कराने के प्रयास में जुटी हुई है तथा आसपास के थानों और गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।