रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जनपद के महराजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत नौबरार देवारा जदीद कीता प्रथम गांव में मंगलवार की देर शाम एक दर्दनाक हादसे में 45 वर्षीय व्यक्ति की विद्युत करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी एकादशी मौर्य (45) पुत्र तप्पू मौर्य घर के पास लगे हैंडपंप का उपयोग कर रहे थे। इसी दौरान किसी कारणवश हैंडपंप में विद्युत करंट उतर आया और वह उसकी चपेट में आ गए। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं घटना के बाद परिजनों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए एक निजी चिकित्सालय पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम छा गया। बताया जाता है कि मृतक दो भाइयों में सबसे बड़े थे और मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी, तीन पुत्र और एक पुत्री हैं। सभी बच्चे अविवाहित हैं और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी पूरी तरह एकादशी मौर्य के कंधों पर थी। ऐसे में उनकी असमय मौत से परिवार पर संकट का पहाड़ टूट पड़ा है। मंगलवार रात करीब 9 बजे तक मृतक के घर पर लोगों की भारी भीड़ जुटी रही। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। घटना की सूचना मिलने के बाद गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।