
रिपोर्ट_____SP त्रिपाठी
आज़मगढ़। नगर कोतवाली क्षेत्र के पुरानी कोतवाली स्थित एक ज्वेलरी दुकान पर मंगलवार को नकली गहने बेचने के आरोप को लेकर ग्राहक और दुकानदार के बीच जमकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए कोतवाली ले गई। मिली जानकारी के अनुसार, एक ग्राहक ने कुछ समय पहले पुरानी कोतवाली स्थित एक ज्वेलरी दुकान से गहने खरीदे थे। ग्राहक का आरोप है कि खरीदे गए गहने नकली निकले। इसी शिकायत को लेकर वह मंगलवार को दुकान पर पहुंचा और दुकानदार से बातचीत करने लगा। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई। ग्राहक का आरोप है कि विवाद के दौरान दुकानदार ने उसके गहने छीन लिए, जबकि दुकानदार पक्ष ने भी ग्राहक के व्यवहार पर आपत्ति जताई। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट के चलते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। वहीं घटना की सूचना मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटाई। वहीं इस संबंध में शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि ग्राहक द्वारा दुकानदार पर नकली सोना देने का आरोप लगाया गया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया और मामला शांत हो गया।
