रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जनपद के फूलपुर क्षेत्र के लाहीडीह बाजार और तोवा गांव में बुधवार को बिजली विभाग ने विजिलेंस टीम के साथ संयुक्त जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान बिजली चोरी के सात मामले पकड़े गए, जिनमें संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई। वहीं बकायेदारों से करीब 4.50 लाख रुपये का राजस्व वसूल किया गया। अधिशासी अभियंता हरीश प्रजापति, उपखंड अधिकारी भूप सिंह और संदीप चंदा के नेतृत्व में अवर अभियंताओं एवं विजिलेंस टीम ने दोनों गांवों में कुल 178 उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शनों की जांच की। जांच के दौरान सात लोग अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते पाए गए, जिनके खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया। इस अभियान में बकाया बिल मिलने पर 75 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए, जबकि 17 उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शनों का विधा परिवर्तन किया गया। इसके अलावा 35 खराब मीटरों को बदलकर नए मीटर लगाए गए तथा 22 उपभोक्ताओं के यहां 50 किलोवाट तक भारवृद्धि (लोड बढ़ाने) की कार्रवाई की गई। बिजली विभाग की टीम ने सरायमीर क्षेत्र के कोरौली फीडर के अंतर्गत खानपुर गांव में भी जांच अभियान चलाकर उपभोक्ताओं के कनेक्शनों की जांच की। विभागीय अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि बिजली चोरी और बकाया बिल के खिलाफ आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने और वैध कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली उपयोग करने की अपील की गई है।