
रिपोर्ट_____SP त्रिपाठी
आजमगढ़। जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी द्वारा एक युवक को थप्पड़ मारने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर लोगों के बीच बहस छिड़ गई है। जहां कुछ लोग पुलिस की सख्ती को उचित बता रहे हैं, वहीं कई लोग बिना कानूनी प्रक्रिया के इस तरह की कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं।वायरल वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी सड़क किनारे खड़े एक युवक से बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान एक पुलिस अधिकारी युवक को थप्पड़ मारते नजर आते हैं। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि वीडियो में दिखाई देने वाले अधिकारी दीदारगंज थाना प्रभारी जयप्रकाश हैं। बताया जा रहा है कि युवक के घर के किसी सदस्य ने अपने मोबाइल फोन से यह वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। लोगों का कहना है कि यदि युवक द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया था तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती थी, लेकिन सार्वजनिक रूप से थप्पड़ मारने की घटना पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, थाना प्रभारी जयप्रकाश ने वायरल वीडियो को लेकर अपनी सफाई दी है। उन्होंने बताया कि ताजिया जुलूस के मार्ग को सुगम बनाने के लिए रास्ते में लगे एक टीन शेड को हटाया जा रहा था। युवक द्वारा टीन शेड हटा लिया गया था, लेकिन उसी दौरान वह मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं उच्चाधिकारियों के लिए अपशब्दों का प्रयोग करने लगा। मना करने के बावजूद वह विवाद करने लगा, जिसके चलते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। फिलहाल पुलिस विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान या जांच संबंधी जानकारी सामने नहीं आई है। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों की निगाहें अब पुलिस विभाग की प्रतिक्रिया और संभावित कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
