रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के अतरौलिया स्थानीय थाना क्षेत्र के प्रतापपुर छतौरा गांव निवासी पूर्व प्रधान जयराम सिंह के पुत्र एवं वर्तमान प्रधान जगदंबा सिंह उर्फ मुन्ना सिंह के भतीजे सतीश सिंह के खिलाफ अतरौलिया थाना पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) अतरौलिया आलोक कुमार की तहरीर पर की गई है। खंड विकास अधिकारी द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि 22 जून 2026 को सतीश सिंह ने उनके मोबाइल फोन पर संपर्क कर मनरेगा भुगतान कराने का दबाव बनाया। बीडीओ के अनुसार उन्होंने सतीश सिंह को बताया कि वर्तमान में वित्तीय वर्ष 2022-23 एवं 2023-24 के कार्यों का ही भुगतान किया जा रहा है और यदि किसी विषय पर विस्तार से बात करनी हो तो कार्यालय आकर मिल सकते हैं। आरोप है कि इसके बाद सतीश सिंह ब्लॉक कार्यालय पहुंचे और भुगतान कराने का दबाव बनाने लगे। जब उन्हें शासनादेश के अनुसार तत्काल भुगतान संभव न होने की जानकारी दी गई तो वे नाराज हो गए और कथित रूप से धमकी देते हुए अभद्र व्यवहार किया, जिससे सरकारी कार्य प्रभावित हुआ। वहीं, आरोपी सतीश सिंह ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनकी बीडीओ से कोई बहस नहीं हुई थी। उन्होंने बताया कि फोन पर बातचीत के दौरान बीडीओ ने उन्हें कार्यालय में तैनात कर्मचारी धर्मेंद्र से बात करने को कहा था। कार्यालय पहुंचने पर कर्मचारी ने उन्हें बीडीओ से बात करने की सलाह दी। सतीश सिंह का आरोप है कि उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया और उल्टा उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी गई। वहीं इस संबंध में थानाध्यक्ष अतरौलिया देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि खंड विकास अधिकारी की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है तथा मामले की जांच करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।