रिपोर्ट____SP त्रिपाठी

आजमगढ़। मंडलीय जिला चिकित्सालय में एक्स-रे मशीन खराब होने का पोस्टर लगाए जाने के बाद मरीजों और तीमारदारों में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है। आरोप है कि अस्पताल परिसर में बिना संबंधित चिकित्सकों की जानकारी के एक्स-रे मशीन खराब होने की सूचना चस्पा कर मरीजों को बाहर से एक्स-रे कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इससे अस्पताल में दलालों की सक्रियता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। मामले की जानकारी मिलने पर जब जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. वीपी सिंह से बातचीत की गई तो उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल की एक्स-रे सेवा पूरी तरह से संचालित है। उन्होंने बताया कि मुख्य एक्स-रे मशीन का यूपीएस खराब होने के कारण तकनीकी समस्या आई थी, लेकिन मरीजों की सुविधा के लिए डिजिटल एक्स-रे मशीन से लगातार जांच की जा रही है। डॉ. सिंह ने बताया कि खराब यूपीएस को बदलने के लिए नया उपकरण ऑर्डर कर दिया गया है, जो शीघ्र ही उपलब्ध हो जाएगा। तब तक अस्पताल में एक्स-रे जांच प्रभावित नहीं होगी और मरीजों को सभी आवश्यक सुविधाएं मिलती रहेंगी।उन्होंने यह भी कहा कि यदि अस्पताल परिसर में एक्स-रे मशीन खराब होने संबंधी कोई नोटिस लगाई गई है तो वह भ्रामक और गलत है। ऐसी नोटिस को तत्काल हटवाने की कार्रवाई की जाएगी, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा या भ्रम का सामना न करना पड़े। डॉ. वीपी सिंह ने मरीजों और उनके परिजनों से अपील की कि वे किसी भी भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और आवश्यकता पड़ने पर सीधे अस्पताल प्रशासन से जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।