रिपोर्ट_____SP त्रिपाठी

आजमगढ़। जिले के विकास खंड अतरौलिया के खानपुर फतेह गांव की बेटी काजोल सिंह ने 70वीं बीपीएससी (बिहार लोक सेवा आयोग) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर जनपद का नाम रोशन किया है। काजोल सिंह ने परीक्षा में 9वीं रैंक प्राप्त करते हुए श्रम प्रवर्तन अधिकारी (Labour Enforcement Officer) पद पर चयनित होकर क्षेत्र के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई हैं। काजोल सिंह के पिता कृष्ण गोपाल सिंह किसान हैं, जबकि माता कंचनलता सिंह गृहिणी हैं। साधारण परिवार से आने वाली काजोल ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय अतरौलिया से प्राप्त की। इसके बाद हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की शिक्षा पटेल मेमोरियल इंटर कॉलेज अतरौलिया से पूरी की। स्नातक और परास्नातक की पढ़ाई शिब्ली नेशनल पीजी कॉलेज, आजमगढ़ से संपन्न की। काजोल शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं और पढ़ाई के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हमेशा उत्कृष्ट रही है। अपनी सफलता पर काजोल सिंह ने इसका श्रेय अपने माता-पिता, बहनों, गुरुजनों और मित्रों को दिया। उन्होंने बताया कि परिवार का सहयोग और शिक्षकों का मार्गदर्शन उनकी सफलता की सबसे बड़ी ताकत रहा। साथ ही उन्होंने अपने ननिहाल पक्ष को भी अपनी प्रेरणा का प्रमुख स्रोत बताया। काजोल ने कहा कि सफलता का मूल मंत्र दृढ़ निश्चय, कठिन परिश्रम और निरंतरता है। यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।चयन की सूचना मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया और काजोल को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने कहा कि काजोल सिंह की यह उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि मेहनत और समर्पण के दम पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।