रिपोर्ट______अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा कस्बे के कुरैशी मोहल्ला निवासी इश्तियाक कुरैशी (65) की मधुमक्खियों के हमले में मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।परिजनों के अनुसार इश्तियाक कुरैशी मंगलवार शाम बकरी चराने के लिए फरिहा स्थित सरकारी ट्यूबवेल के पास गए थे। इसी दौरान कुछ लड़के पास के आम के पेड़ से फल तोड़ने के लिए कंकड़ मार रहे थे। पेड़ के समीप मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता लगा हुआ था। कंकड़ छत्ते से टकराते ही मधुमक्खियां आक्रामक हो गईं और झुंड बनाकर आसपास मौजूद लोगों पर हमला कर दिया।लड़के तो मौके से भाग निकले, लेकिन इश्तियाक कुरैशी मधुमक्खियों के झुंड में फंस गए। मधुमक्खियों ने उनके शरीर पर लगातार डंक मारना शुरू कर दिया। जान बचाने के लिए वह पास स्थित सरकारी ट्यूबवेल के हौज में भरे पानी में उतर गए और काफी देर तक पानी में छिपे रहे। इसके बावजूद मधुमक्खियां पानी के ऊपर मंडराती रहीं। बताया जाता है कि जब उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी तो वह पानी से बाहर निकलकर खेतों की ओर भागे, लेकिन मधुमक्खियों का झुंड उनका पीछा करता रहा और पूरे शरीर पर डंक मारता रहा। लगातार हमले से उनकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। मधुमक्खियों के आतंक के कारण तत्काल कोई भी व्यक्ति उनके पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। बाद में कुछ युवकों ने कंबल ओढ़कर साहस दिखाया और किसी तरह मधुमक्खियों को भगाकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। घायल अवस्था में उन्हें फरिहा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और शुभचिंतक परिजनों को ढांढस बंधाने उनके घर पहुंचे। पूरे क्षेत्र में इस दुखद घटना को लेकर शोक व्याप्त है।