
रिपोर्ट_____SP त्रिपाठी
आजमगढ़। जनपद के जीयनपुर क्षेत्र में अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को कथित माफिया ध्रुव सिंह उर्फ कूंटू सिंह के कब्जे से लगभग 75 बिस्सा भूमि को मुक्त कराकर वास्तविक भू-स्वामियों को कब्जा दिलाया। यह कार्रवाई तहसील दिवस में दर्ज शिकायत के लगभग एक माह बाद राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने की।
शिकायतकर्ता श्याम नारायण सिंह पुत्र स्व. राजपत सिंह, निवासी ग्राम बंगालपुर, थाना जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर) तथा सुशीला सिंह पत्नी स्व. रामजनक सिंह, निवासी छपरा सुल्तानपुर, थाना जीयनपुर (आजमगढ़) ने उपजिलाधिकारी सगड़ी को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया था कि उनके नेवासे की लगभग 75 बिस्सा भूमि पर ध्रुव सिंह उर्फ कूंटू सिंह का पिछले 25 से 30 वर्षों से अवैध कब्जा चला आ रहा है।
शिकायत के आधार पर नायब तहसीलदार सगड़ी आदर्श सिंह के नेतृत्व में राजस्व विभाग एवं चौकी इंचार्ज इमिलिया अमित कुमार तिवारी मय पुलिस बल की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। टीम ने गाटा संख्या 947 व 954 तथा राजस्व ग्राम सालेपुर की आराजी संख्या 23, 100 एवं 283 की पैमाइश कर राजस्व अभिलेखों से मिलान किया। जांच में अभिलेखों के अनुरूप सीमांकन सही पाए जाने पर संबंधित भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया और विधिवत पीड़ित पक्ष को कब्जा सौंप दिया गया। पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि पूरी कार्रवाई राजस्व अभिलेखों के आधार पर नियमानुसार की गई है। साथ ही स्पष्ट किया कि भविष्य में भी अवैध कब्जों से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त संदेश गया है।
