रिपोर्ट_____SP त्रिपाठी

आजमगढ़। जनपद के सिधारी थाना क्षेत्र के शाहगढ़ गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात वर्षीय मासूम की मौत हो गई। तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार, शाहगढ़ गांव निवासी रिशु चौहान (7) सोमवार सुबह करीब छह बजे घर से पास की दुकान पर शैंपू खरीदने गया था। शैंपू लेकर वह वापस घर लौट रहा था, तभी तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप मासूम को कुछ दूरी तक घसीटते हुए सड़क किनारे स्थित नीम के पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भयावह था कि रिशु की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने पिकअप चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पर पहुंची सिधारी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया है तथा चालक से पूछताछ कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी और पीकअप चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। मासूम की असमय मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं और घर में मातम का माहौल है।