रिपोर्ट______SP त्रिपाठी

आजमगढ़। पल्हना धाम और पल्हना बाजार के मुख्य मार्ग पर भारी जलभराव होने से आमजन और श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सूचना मिलते ही पल्हना ब्लॉक प्रमुख अनुराग सिंह सोनू स्वयं मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। लोगों की समस्या को देखते हुए वह खुद पानी में उतर गए तथा सहयोगियों के साथ मिलकर जल निकासी की व्यवस्था कराई।

स्थानीय लोगों के अनुसार मेला क्षेत्र की भूमि पर हुए अवैध कब्जे और कुछ दुकानदारों द्वारा नालियों को पाट दिए जाने के कारण जल निकासी बाधित हो गई थी, जिससे मुख्य मार्ग पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई।

मौके पर पहुंचे प्रमुख अनुराग सिंह सोनू ने कानूनगो और लेखपाल को तत्काल मौके पर तलब किया तथा अवैध कब्जों की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने तहसीलदार लालगंज से भी फोन पर वार्ता कर नाराजगी व्यक्त की और शीघ्र प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

इसके बाद प्रमुख ने सफाईकर्मियों और जेसीबी मशीन की सहायता से नालियों की सफाई और जल निकासी का कार्य शुरू कराया, जिससे कुछ ही देर में मार्ग पर जमा पानी निकलना शुरू हो गया और लोगों को राहत मिली। साथ ही उन्होंने अवैध कब्जा करने वालों को सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में सार्वजनिक नालियों और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रमुख अनुराग सिंह सोनू ने कहा, “पल्हना का मुख्य बाजार और चट्टी हमारा परिवार है। क्षेत्र की जनता की सेवा करना हमारा कर्तव्य है। लोगों की सुविधा और क्षेत्र के विकास के लिए जो भी आवश्यक होगा, वह हर संभव किया जाएगा।”

प्रमुख की त्वरित कार्रवाई और मौके पर स्वयं मौजूद रहकर समस्या का समाधान कराने की क्षेत्रवासियों ने सराहना की। जलभराव खत्म होने से राहगीरों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली।