
रिपोर्ट_______अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति पर अलग-अलग नाम और जन्मतिथि का इस्तेमाल कर दो पासपोर्ट बनवाने का मामला सामने आया है। पासपोर्ट सत्यापन के दौरान अनियमितता उजागर होने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र के बेलाल अहमद पुत्र इफ्तेखार, निवासी ग्राम बरहतीर, ने पहले वर्ष 2016 में P5932243 नंबर का पासपोर्ट बनवाया था, जिसमें उसका नाम बेलाल अहमद तथा जन्मतिथि 01 जनवरी 1987 दर्ज थी। इसके बाद वर्ष 2024 में उसने B9456696 नंबर का दूसरा पासपोर्ट बनवाया, जिसमें नाम अलमद बेलाल और जन्मतिथि 01 जनवरी 1997 अंकित कराई गई।
पुलिस के द्वारा जांच में सामने आया कि दूसरे पासपोर्ट के आवेदन के साथ आधार कार्ड, बैंक पासबुक और पैन कार्ड जैसे दस्तावेज भी अलग विवरण के साथ लगाए गए थे। इस प्रकार अलग-अलग व्यक्तिगत विवरण देकर दूसरा पासपोर्ट प्राप्त करना प्रथम दृष्टया नियमों के विरुद्ध पाया गया।
वहीं इस पूरे मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) तथा पासपोर्ट अधिनियम, 1967 की धारा 12(1)(बी) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार कुशवाहा को सौंपी गई है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।
