
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले में जनता क्रान्ति पार्टी (राष्ट्रवादी) के तत्वावधान में गुरुवार, 13 अगस्त 2026 को नेहरू हाल, आजमगढ़ में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री मटरू चौहान ने की। कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश चौहान मुख्य अतिथि तथा प्रदेश अध्यक्ष सुनील चौहान राना विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश चौहान ने कहा कि जनता क्रान्ति पार्टी (राष्ट्रवादी) राष्ट्रवादी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए पूरे भारत में शिक्षा का राष्ट्रीयकरण कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि देश में निजी विद्यालयों की संख्या बढ़ने के साथ शिक्षा व्यवस्था महंगी होती जा रही है, जिससे गरीब परिवारों के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। आगे उन्होंने निजी विद्यालयों पर किताब, प्रवेश शुल्क और शिक्षा शुल्क के नाम पर अभिभावकों से अधिक धन वसूलने का आरोप लगाते हुए सरकार से शिक्षा व्यवस्था पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की। उन्होंने भ्रष्टाचार को लेकर भी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि विकास कार्यों में जनता के धन के दुरुपयोग पर रोक लगनी चाहिए।
विशिष्ट अतिथि प्रदेश अध्यक्ष सुनील चौहान राना ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में भय, भ्रष्टाचार, लूट, हत्या, छिनैती और चोरी की घटनाओं से जनता परेशान है। उन्होंने सरकार के सुशासन के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि मौजूदा परिस्थितियों से बाहर निकलने का रास्ता भाजपा को सत्ता से हटाना है।
सम्मेलन में पिन्टू चौहान, जय बहादुर मौर्या, राममूरत चौहान, राजदेव, भूपेंद्र गोंड, छोटू राम, सुब्बन चौहान, भीम चौहान, संजय गुप्ता, प्रदीप चौहान, अमित चौहान, महेंद्र धारीकर, डॉ. लालमान सहित अन्य वक्ताओं ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन संजीव चौहान ने किया, जबकि अध्यक्षता मटरू चौहान ने की। सम्मेलन में पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
