
रिपोर्ट____अरुण यादव
घर में घुसे चोर, नकदी-जेवर समेत लाखों का माल समेट ले गए कंधरापुर के पहलवानपुर गांव में आधी रात वारदात, परिवार के सोते समय छत के रास्ते दाखिल हुए चोर गोदरेज की आलमारी तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और 52 हजार रुपये नकद ले गए बदमाश, पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ दर्ज की FIR
आजमगढ़। जिले के कंधरापुर थाना क्षेत्र के पहलवानपुर गांव में मंगलवार की देर रात चोरों ने घर को निशाना बनाकर नकदी और लाखों रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। परिवार के लोग घर के बाहर सो रहे थे, इसी दौरान चोर छत के रास्ते मकान में दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पीड़ित राम प्रकाश यादव की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राम प्रकाश यादव के अनुसार, रात करीब एक बजे घर के अंदर खटपट की आवाज सुनाई दी। जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो चार अज्ञात लोग घर से निकलकर सीढ़ियों के रास्ते छत पर पहुंचे और पीछे से कूदकर भाग गए। इसके बाद घर की जांच की गई तो चोरी की जानकारी हुई। चोरों ने तीन बक्सों के ताले तोड़ दिए। इनमें रखी दो सोने की चेन, दो सोने की अंगूठियां, कान की बालियां, चांदी की करधनी व पायल समेत अन्य जेवरात और 52 हजार रुपये नकद गायब मिले। पीड़ित के भाई के घर में रखे दो बक्सों को भी तोड़ा गया और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए गए। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि चोर छत पर लगी सीढ़ी के दरवाजे के पास से रास्ता बनाकर घर में दाखिल हुए थे। तहरीर मिलने के बाद कंधरापुर पुलिस ने केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले की जांच उपनिरीक्षक प्रेम शंकर मिश्रा को सौंपी गई है।
