रिपोर्ट______अरुण यादव

आजमगढ़। तरवां थाना पुलिस ने गुरुवार को अंतर्जनपदीय टप्पेबाजी और चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया, जबकि एक अन्य आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया। वहीं फरार हुए तीसरे आरोपी की तलाश के दौरान मेहनगर पुलिस से हुई मुठभेड़ में वह भी पैर में गोली लगने से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त को तरवां थाना क्षेत्र के कंचनपुर नहर के पास पुलिस की टप्पेबाजों से मुठभेड़ हुई। इस दौरान मुकेश यादव (25) निवासी सुखदेहरा, थाना भांवरकोल, गाजीपुर के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। उसके साथी कमलेश निवासी कुसनपुरा, थाना भांवरकोल, गाजीपुर को भी पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर विकास यादव (22) निवासी सुखदेहरा, गाजीपुर फरार हो गया।

फरार आरोपी की तलाश में आसपास के थानों को अलर्ट किया गया। इसी क्रम में मेहनगर थाना क्षेत्र के कटहन नहर पुलिया के पास पुलिस ने घेराबंदी की। यहां पुलिस से हुई मुठभेड़ में विकास यादव के पैर में गोली लगी और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से टप्पेबाजी से संबंधित पीली धातु के सामान, मोटरसाइकिल, अवैध तमंचे-कारतूस और नकदी बरामद की है। घायल दोनों आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मौके पर फील्ड यूनिट द्वारा आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है। बरामदगी और पूरे मामले का विस्तृत विवरण पुलिस की ओर से अलग से जारी किया जाएगा।