रिपोर्ट______अरुण यादव

आजमगढ़। देवगांव थाना क्षेत्र के टॉपटेन अपराधी विकास यादव के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। गैंगस्टर एक्ट के तहत बुधवार को प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने रणमों गांव स्थित उसके करीब 20 लाख रुपये मूल्य के मकान को कुर्क कर लिया। पुलिस के अनुसार, उक्त मकान का निर्माण आपराधिक गतिविधियों से अर्जित अवैध धन से किया गया था।

यह कार्रवाई जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय में दायर वाद संख्या 2545/2026 में पारित आदेश के अनुपालन में उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम की धारा 14(1) के तहत की गई।

148.501 वर्गमीटर में बना है मकान

कुर्क की गई संपत्ति ग्राम रणमों में आराजी संख्या 185, रकबा 0.021 हेक्टेयर में निर्मित मकान है। इसका कुल क्षेत्रफल 148.501 वर्गमीटर बताया गया है। प्रशासन ने मकान को कब्जे में लेते हुए उसके सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों को सील कर दिया।

तीन दरवाजों पर लगाए गए ताले

बुधवार को क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेष कुमार पाण्डेय, तहसीलदार लालगंज उमेश कुमार सिंह, थानाध्यक्ष देवगांव सुनील कुमार सिंह और पुलिस बल की संयुक्त टीम रणमों गांव पहुंची। टीम ने मकान के बाहर स्थित दो दरवाजों तथा छत पर जाने वाले दरवाजे पर ताले लगाकर उन्हें सील कर दिया। मकान की चाबी तहसीलदार लालगंज को सौंप दी गई।

हत्या, लूट-चोरी समेत 13 मुकदमे दर्ज

पुलिस के अनुसार विकास यादव के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में 13 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, लूट/चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के मामले शामिल हैं। वर्ष 2017 में हत्या का मुकदमा भी उसके खिलाफ दर्ज हुआ था। इसके अलावा कई आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, चोरी, मारपीट और गैंगस्टर एक्ट से जुड़े मुकदमे भी बताए गए हैं।

गंभीर आपराधिक गतिविधियों के चलते विकास यादव को थाना देवगांव का टॉपटेन अपराधी बताया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई को गैंगस्टर एक्ट के तहत अपराध से अर्जित संपत्ति पर की गई कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।

इन अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कुर्की

कुर्की की कार्रवाई में क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेष कुमार पाण्डेय, तहसीलदार उमेश कुमार सिंह, थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सुरेश सिंह, चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप दूबे समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।