रिपोर्ट________अरुण यादव

आजमगढ़। निजामाबाद विधानसभा सीट पर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज होने लगी है। समाजवादी पार्टी के मजबूत प्रभाव वाले इस क्षेत्र में अब भाजपा भी अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर आगे बढ़ती नजर आ रही है। इसी बीच प्रमुख समाजसेवी दीपक राय का नाम भाजपा के संभावित दावेदार के रूप में चर्चा में आने लगा है।

विधायक आलम बदी के निधन के बाद निजामाबाद की राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना जताई जा रही है। सपा के सामने जहां अपने मजबूत जनाधार को बनाए रखते हुए नए चेहरे के चयन की चुनौती है, वहीं भाजपा के लिए इस सीट पर अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने का अवसर माना जा रहा है।

इसी क्रम में दीपक राय ने निजामाबाद क्षेत्र में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। उन्होंने क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों मां शीतला धाम, दुर्वासा धाम और दत्तात्रेय धाम पहुंचकर दर्शन-पूजन किया और आशीर्वाद लिया। उनके इस धार्मिक दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। राजनीतिक हलकों में इसे भाजपा से अपनी दावेदारी मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

जर्जर सड़कों को बताया प्रमुख मुद्दा

मीडिया से बातचीत के दौरान दीपक राय ने निजामाबाद क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने निजामाबाद-लाहिड़ीह मार्ग और निजामाबाद-भदुली मार्ग की जर्जर स्थिति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना जरूरी है और इन सड़कों की समस्या का समाधान उनकी प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर है।

दीपक राय ने कहा कि सड़क निर्माण और क्षेत्र की अन्य मूलभूत समस्याओं के समाधान की दिशा में जल्द पहल शुरू होगी। इसके बाद पार्टी नेतृत्व के निर्देश और क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को गति देने का प्रयास किया जाएगा।

फिलहाल निजामाबाद में भाजपा की ओर से संभावित चेहरों को लेकर चर्चाएं तेज हैं। ऐसे में दीपक राय की बढ़ती सक्रियता और धार्मिक स्थलों पर उनका पहुंचना आने वाले दिनों में क्षेत्र की सियासत को किस दिशा में ले जाता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।