
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के चिल्लूपुर गांव में शनिवार को एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची मेहनाजपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक चिल्लूपुर गांव निवासी बबिता की शादी करीब छह वर्ष पूर्व आनंद राजभर के साथ हुई थी। दोनों का पांच वर्षीय पुत्र यश है। बताया जा रहा है कि बाद में बबिता अपने देवर राजन राजभर के संपर्क में आ गई थी।
परिजनों के अनुसार, इसी वर्ष मई माह में बबिता राजन के साथ घर छोड़कर मुंबई चली गई थी। इसके बाद जुलाई में दोनों वापस चिल्लूपुर लौटे। ग्रामीणों के मुताबिक परिजनों की सहमति के बाद बबिता और राजन की शादी 7 अगस्त 2026 को लालगंज तहसील में नोटरी बयान-हलफी के माध्यम से कराई गई थी।
बताया जा रहा है कि शादी के करीब एक महीने बाद शनिवार को बबिता का शव साड़ी के सहारे फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही मेहनाजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मृतका का मायका गाजीपुर जिले के मौधा में बताया गया है। पुलिस द्वारा परिजनों और आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
