
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के अहरौला थाना क्षेत्र में शनिवार शाम पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार पिकअप ने सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। केबिन में चालक के बगल बैठे व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और उसका शव अंदर फंस गया। वहीं पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजने के साथ ही मृतक के शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की।
बताया गया कि हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन नंबर 213.2 के पास शनिवार शाम करीब छह बजे हुआ। राजस्थान नंबर का एक ट्रक पहले से एक्सप्रेसवे पर खड़ा था। इसी दौरान अंबेडकरनगर की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही उत्तराखंड नंबर की पिकअप ने ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद केबिन में फंसा शव
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक के बगल में बैठे व्यक्ति की मौत हो गई और उसका शव केबिन के अंदर फंस गया। पिकअप चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल चालक को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया। हादसे में मृतक और घायल चालक की अभी पहचान नहीं हो सकी है।
फायर ब्रिगेड ने काटकर निकाला शव
केबिन क्षतिग्रस्त होने के कारण मृतक का शव बाहर निकालना मुश्किल हो गया था। पुलिस ने फायर ब्रिगेड की टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने काफी मशक्कत के बाद पिकअप की बॉडी को काटकर मृतक के शव को बाहर निकाला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घायल चालक और मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस हादसे की वजह की भी जांच कर रही है। घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
