रिपोर्ट______अरुण यादव

आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र में जामा मस्जिद के पास एक युवक की सरेआम पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो में कुछ लोग एक युवक को बीच सड़क पर घेरकर उसके साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।

बताया जा रहा है कि युवक बैंक का काम निपटाने के बाद अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान जामा मस्जिद के पास कई लोगों ने उसे रोक लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ भी जुट गई। किसी ने मारपीट का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और मामले की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, पीड़ित की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मारपीट में शामिल कुछ लोगों की पहचान की गई है।

पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही वायरल वीडियो और घटनास्थल से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और तहरीर के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।