रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के बरदह-मुक्तिपुर-सिसवारा मार्ग पर सोमवार की देर शाम लसड़ा कला गांव के पास दर्दनाक हादसा हो गया। बोलेरो में हुई टक्कर के बाद नुकसान की भरपाई मांग रहे 55 वर्षीय व्यक्ति को डीसीएम ट्रक चालक ने ट्रक से कुचल दिया। हादसे में व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक की पहचान जौनपुर जिले के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के पिलखनी गांव निवासी साहबराज यादव (55) पुत्र स्वर्गीय रामस्वरूप यादव के रूप में हुई।

मिली जानकारी के अनुसार, साहबराज यादव अपनी बहू साक्षी पत्नी शिवप्रसाद, बड़े बेटे उदयराज और तीन पोतियों के साथ बोलेरो से दीदारगंज थाना क्षेत्र के धनवाल गांव निवासी तरसु यादव के घर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में नरवे पुल के पास उनकी बोलेरो की डीसीएम ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर में बोलेरो क्षतिग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद बोलेरो सवार डीसीएम ट्रक का पीछा करते हुए बरदह थाना क्षेत्र के लसड़ा कला गांव में श्रीधर राजभर के घर के सामने पहुंच गए। वहां बोलेरो में हुए नुकसान की भरपाई को लेकर डीसीएम चालक से बातचीत हो रही थी। इसी दौरान चालक ने अचानक ट्रक आगे बढ़ा दिया, जिसकी चपेट में साहबराज यादव आ गए। ट्रक से कुचलने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

वहीं घटना के बाद परिजनों ने डीसीएम ट्रक का पीछा किया और राजगंज बाजार में चालक को पकड़ लिया। इसके बाद उसे बरदह पुलिस के हवाले कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक के चार पुत्र हैं। घटना के बाद पत्नी प्रभावती सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।