रिपोर्ट: अरूण यादव
आजमगढ़। शहर कोतवाली पुलिस ने सोमवार को हत्या के प्रयास, मारपीट और लूट के मामले में वांछित दो आरोपियों को कटरा तिराहे से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
आरोपी मंजीत सिंह शहर कोतवाली क्षेत्र के कटरा मोहल्ला और हर्षित मल्होत्रा मऊ के दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के औरंगाबाद चौक का निवासी है। वर्तमान में वह आजमगढ़ शहर कोतवाली क्षेत्र के कटरा में रहता था। मामला 30 मार्च 2025 का है, जब अमन सिंह पुत्र अवनीश कुमार सिंह, निवासी मोहल्ला आराजीबाग ने कोतवाली में शिकायत दर्ज की थी। अमन ने बताया कि वह शाम को चौक पर देवी मंदिर दर्शन के लिए गए थे और अपने परिचित ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव की दुकान पर बैठे थे। उसी दौरान मंजीत सिंह ने फोन पर बात की और उनकी लोकेशन पूछी। इसके बाद मंजीत सिंह और हर्षित मल्होत्रा वहां पहुंचे और अमन को गालियां देना शुरू कर दी। दोनों ने भीड़ जुटाकर अमन पर हमला किया। मंजीत ने गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की, जबकि दोनों ने जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान आरोपियों ने अमन की चेन और ₹12,000 भी छीन लिए।
