रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दुष्कर्म के आरोप में तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ये मामले बिलरियागंज, शहर कोतवाली और मुबारकपुर थाना से संबंधित हैं, जहां आरोपियों ने किशोरियों और महिलाओं के साथ अपराध को अंजाम दिया।

जानकारी के मुताबिक, बिलरियागंज थाना क्षेत्र में 27 मार्च 2025 को हुई घटना के मामले में पुलिस ने आरोपी आकाश गुप्ता को गिरफ्तार किया। पीड़ित पक्ष ने शिकायत दर्ज की थी कि खानपुर भगतपट्टी गांव निवासी आकाश गुप्ता 27 मार्च की शाम छह बजे उनके घर में घुसा और उनकी 17 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म किया। किशोरी के चिल्लाने पर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन आकाश ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी। पुलिस ने सोमवार को आरोपी आकाश को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

शहर कोतवाली पुलिस ने एक मामले में प्रवीण कुमार निषाद को गिरफ्तार कर लिया। महराजगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने बताया कि उनकी शादी 29 जनवरी 2020 को राजेश्वर निषाद से हुई थी, लेकिन दहेज के लिए ससुराल वालों ने उन्हें मारपीट कर निकाल दिया।

पिछले डेढ़ साल से चंदौली जनपद के धानापुर थाना क्षेत्र के अमादपुर गांव निवासी प्रवीण कुमार निषाद उनके संपर्क में था और शादी का झांसा दे रहा था। 10 मार्च 2025 को प्रवीण ने पीड़िता को आजमगढ़ बुलाया और एक लॉज में ले जाकर उनकी इच्छा के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाया। विरोध करने पर उसने वीडियो वायरल करने की धमकी दी। पुलिस ने सोमवार को प्रवीण को रोडवेज तिराहे से गिरफ्तार कर लिया।

इसी प्रकार मुबारकपुर थाने में 27 फरवरी 2025 को दर्ज मामले में आरोपी बादशाह उर्फ काजू को गिरफ्तार किया गया। पीड़ित पक्ष ने शिकायत की थी कि 21 फरवरी 2025 की रात 11.30 बजे देवली आयमा गांव निवासी काजू ने उनकी नाबालिग बेटी को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगा लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया।पुलिस ने सोमवार को काजू को शहीद नगर से अशरफिया की ओर पोखरे के पास से गिरफ्तार कर लिया।