
आशीष कुमार निषाद
आजमगढ़। जिले में सड़क दुर्घटना में कक्षा 9 के छात्र की मौत के बाद आरोपी चालक की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में लोग बारिश के बीच अतरौलिया थाने का घेराव कर धरने पर बैठ गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। पूरा मामला स्थानीय थाना क्षेत्र के पकरडीहा गांव का है, जहां के निवासी आनंद राजभर (14) पुत्र फिरतू राजभर की बीते बुधवार को स्कूल जाते समय गोरहरपुर के पास सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। घटना के पांच दिन बाद भी आरोपी स्कूल बस चालक की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजन और ग्रामीण सोमवार को गांव से पैदल मार्च करते हुए आंधी-पानी के बीच थाने पहुंचे और धरना शुरू कर दिया।प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने अब तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। मृतक के पिता फिरतू राजभर ने बताया कि उनका परिवार बेहद गरीब है और उनका बेटा पढ़ाई में तेज व होनहार था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन के सामने कई मांगें रखीं, जिनमें आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी, एक करोड़ रुपये का मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा सरकारी आवास उपलब्ध कराना शामिल है। करीब दोपहर 1 बजे शुरू हुआ धरना उपजिलाधिकारी बुढ़नपुर अभय राज पांडे और क्षेत्राधिकारी कौस्तुभ त्रिपाठी के मौके पर पहुंचकर परिजनों से वार्ता करने के बाद समाप्त हुआ। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामले में विधिक कार्रवाई जारी है और हर संभव सहायता दी जाएगी। वहीं इस पूरे मामले में क्षेत्राधिकारी कौस्तुभ त्रिपाठी ने बताया कि घटना में घायल छात्र को अस्पताल ले जाया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। परिजनों की मांगों को गंभीरता से लिया गया है और नियमानुसार आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
