रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़ । जिले के जीयनपुर में नौशहरा निवासी लोको पायलट की हत्या के मामले में पुलिस ने  छठवें आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। इससे पहले इस मामले में शामिल अन्य पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस जेल भेजा चुकी है।

थाना जीयनपुर क्षेत्र में बीते 7 सितंबर को शाम लगभग 5:48 बजे दुर्गेश कुमार नामक व्यक्ति अपने खेत के पास घायल अवस्था में मिला। उसके भाई अजीत कुमार ने थाने में लिखित तहरीर देते हुए बताया कि ज्ञानेन्द्र मिश्रा, गणेश यादव व उनके पुत्रों ने दुर्गेश को मारपीट कर खेत के पास छोड़ दिया। घायल को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में दुर्गेश ने बताया कि गणेश यादव, अजय यादव, श्रवण यादव, शेरू यादव और गोविन्द्र यादव ने उसे बुरी तरह पीटा, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। जिला अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इससे पहले दिनांक 25 अगस्त को भी आरोपियों ने दुर्गेश को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। विवेचना क्षेत्राधिकारी सगड़ी अनिल कुमार वर्मा द्वारा की जा रही थी। प्रारंभ में धारा 3(5)/105BNS व 3(2)5 SC/ST ACT के तहत मामला दर्ज हुआ था, जिसे बाद में धारा 108BNS व 3(1)द/3(1)ध/3(2)5 SC/ST ACT में संशोधित किया गया।

10 सितंबर पुलिस ने को पाँच आरोपियों – गणेश यादव, अजय यादव, शेरू यादव, गोविन्द यादव व ज्ञानेन्द्र मिश्रा – को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। शेष आरोपी श्रवण यादव फरार चल रहा था। सोमवार को थानाध्यक्ष जितेन्द्र बहादुर सिंह ने टीम के साथ श्रवण यादव को उसके घर से गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान किया।