
मैनपुरी। शनिवार देर रात किशनी नगर के एक मैरिज होम में हुई शादी में अनहोनी घटित हो गई। दरअसल, इटावा के पांडुआ निवासी अमन पुत्र निर्भय सिंह की बरात नगर के एक मैरिज होम में आई थी।
शादी के सभी कार्यक्रम सामान्य रूप से चल रहे थे, लेकिन वरमाला के दौरान दूल्हे के दोस्तों ने शोर मचाया, जिससे कन्या पक्ष ने नाराज होकर उन्हें स्टेज से नीचे उतार दिया।
इसके बाद दूल्हा और उसके दोस्त खाने के दौरान एक साथ बैठ गए, जिसे लेकर कन्या पक्ष ने आपत्ति जताई और दूल्हे के दोस्तों को खाने से हटा दिया। यह देख दूल्हा नाराज हो गया और वह अपने दोस्तों के साथ मैरिज होम छोड़कर फरार हो गया।
शादी में बन गया तनाव का माहौल
इस पर तनाव बढ़ने के बाद रिश्तेदारों और पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग-अलग बुलाकर मामले को शांत करने की कोशिश की। कन्या पक्ष ने आरोप लगाया कि दूल्हे ने शराब पी रखी थी, जबकि दूल्हे ने इसे नकारते हुए अपने दोस्तों को हटाने पर नाराजगी जताई।
रिश्तेदारों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ
पुलिस और रिश्तेदारों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ और दूल्हा फिर से शादी के कार्यक्रम में शामिल हुआ। रविवार सुबह तक दोनों पक्षों में सुलह हो गई और बाकी की शादी की रस्में संपन्न हुईं। इसके बाद दोपहर में दुल्हन को विदा कर दिया गया और वह अपनी ससुराल चली गई।