
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। शासन के निर्देश पर उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत विभाग ने नगर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान करीब 40 बड़े कमर्शियल उपभोक्ताओं की जांच की गई, जिन पर लगभग 40 से 50 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया पाया गया। विभाग ने सख्ती दिखाते हुए 35 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए, जिससे बकायेदारों में हड़कंप मच गया। वहीं अभियान के दौरान 5 लाख रुपये से अधिक के राजस्व की वसूली भी की गई। विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार कॉरपोरेशन लिमिटेड के निर्देश पर उन क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जहां राजस्व वसूली प्रभावित है या बिजली चोरी की आशंका है। इसी क्रम में आजमगढ़ मुख्यालय के निर्देश पर आराजी बाग, ब्रह्मस्थान, करतारपुर सहित शहर के विभिन्न इलाकों में गठित टीमों ने सघन जांच अभियान चलाकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की।एसडीओ ने बताया कि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए विभाग की टीमें दिन-रात कार्य कर रही हैं। तकनीकी खराबी आने पर उसे जल्द से जल्द दूर करने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है, साथ ही राजस्व निर्धारण कर नोटिस जारी किए जाएंगे। आगे उन्होंने बताया कि बड़े बकायेदार कमर्शियल उपभोक्ताओं के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। इसके अलावा सामान्य उपभोक्ताओं के भी 10 हजार रुपये से अधिक बकाया होने पर उनके बिजली कनेक्शन काटे जा रहे हैं। विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने की अपील की है, ताकि कार्रवाई से बचा जा सके।
